पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का पटना में जोरदार प्रदर्शन

पटना, 12 अगस्त। बुधवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शाम 5:15 बजे कोतवाली थाना के समीप इंडियन बैंक की मुख्य शाखा के सामने आयोजित किया गया। इसमें UFBU के सभी घटक संगठनों के नेतृत्वकर्ताओं के साथ करीब 400 से अधिक बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

एआईबीओसी बिहार इकाई के सचिव अमरेश विक्रमादित्य ने कहा कि सरकार द्वारा समझौता किए जाने के बावजूद बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू नहीं किया जा रहा है। इससे बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर 27 जनवरी को एक दिवसीय हड़ताल भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुए समझौते के अनुसार बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाना था। इसके बदले बैंक कर्मी प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने के लिए तैयार हैं। समझौते के बाद इसे लागू किया जाना था, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बावजूद इस संबंध में अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों का कहना है कि उन पर काम का अत्यधिक दबाव है, जिसका असर उनके सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन पर भी पड़ रहा है। UFBU ने सरकार से मांग की है कि बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह जल्द से जल्द लागू किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान UFBU के घटक संगठनों के नेता राजू कुमार सिंह, अनिरुद्ध कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रंजन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे और सभा को संबोधित किया।

बताया गया कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन किए गए। बिहार में पटना के अलावा गया, नालंदा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, हाजीपुर और आरा में भी बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page